रिपोर्ट सागर ठाकुर
हरिद्वार (नील धारा) गुरुद्वारा सिंह सभा, ललतारो पुल हरिद्वार तथा श्री गुरु नानक दरबार गुरुद्वारा, सेक्टर-2 की पुरानी प्रबंधक कमेटियों का कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत नई कमेटियों का गठन किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति द्वारा गुरुद्वारा निर्मल विरक्त कुटिया में आयोजित सम्मान समारोह में सिरोपा पहनाकर सम्मान किया गया।इस अवसर पर श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों ने नवनियुक्त कमेटियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरुद्वारों की प्रबंधक समितियों की जिम्मेदारी केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा, शिक्षा, मानव कल्याण तथा गुरु साहिब की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कमेटियां पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ संगत की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगी।समिति के सचिव अनूप सिंह सिद्धू ने युवाओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी समिति के अनुभवी सदस्य युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे तथा सिख धर्म के प्रचार-प्रसार एवं समाज सेवा के कार्यों में उनका पूरा सहयोग करेंगे।नवनियुक्त कमेटियों के अध्यक्षों ने श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति द्वारा दिए गए सम्मान से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे गुरुद्वारों की गरिमा बनाए रखते हुए संगत की सेवा, धार्मिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन तथा समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।

इस अवसर पर श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों, संरक्षक बाबा पंडत, सचिव अनूप सिंह सिद्धू, उज्ज्वल सिंह, लाहौरी सिंह, सतपाल सिंह, बलविंदर सिंह, गुरपेज सिंह, सुखदेव सिंह तथा हरभजन सिंह बाजवा उपस्थित रहे।गुरुद्वारा सिंह सभा, ललतारो पुल की नवनियुक्त कमेटी से अध्यक्ष सरबजीत सिंह, सचिव आकाश सचदेवा, अभिजीत बेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं श्री गुरु नानक दरबार गुरुद्वारा, सेक्टर-2 (भेल) की नवनियुक्त कमेटी से अध्यक्ष करमजीत सिंह, उपाध्यक्ष उज्ज्वल सिंह, कोषाध्यक्ष अमरदीप सिंह, हरभजन सिंह, सुखदेव सिंह, सेक्रटरी प्रतिनिधि सोहन सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह एवं अन्य सदस्य भी समारोह में मौजूद रहे।







