नील धारा ब्यूरो
डोईवाला/देहरादून, 16 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन के संगठनात्मक विस्तार को लेकर डोईवाला स्थित गन्ना समिति कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह खालसा ने किया।बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन परिवार में कई नए सदस्यों का स्वागत किया गया। साथ ही संगठन के प्रति समर्पण, सक्रिय कार्यशैली एवं उत्कृष्ट कार्यकाल को देखते हुए कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए उनकी पदोन्नति की गई।








पदोन्नत किए गए पदाधिकारियों में हरभजन सिंह को मंडल महासचिव, रंजीत सिंह बॉबी को मंडल महामंत्री, सरबजीत सिंह को मंडल उपाध्यक्ष, बलविंदर सिंह बिट्टू को जिला उपाध्यक्ष, इंदरजीत सिंह लाडी को जिला महासचिव तथा इंदरजीत सिंह प्रधान को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी प्रदान की गई।इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन लगातार किसानों, मजदूरों एवं समाज के हितों के लिए संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि संगठन में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देना संगठन की परंपरा है। नए पदाधिकारियों के जुड़ने एवं पदोन्नति से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा किसान हितों की आवाज़ और प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।







