विश्व पर्यावरण दिवस पर आईआईटी रुड़की में “सेव फ्यूल” साइक्लोथॉन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की {नील धारा} विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आईआईटी रुड़की एवं गंगेय फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “सेव फ्यूल” थीम पर एक भव्य साइक्लोथॉन तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। साइक्लोथॉन का शुभारंभ आईआईटी रुड़की के निदेशक के के पंत ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों एवं प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के आह्वान से प्रेरित होकर गंगे फाउंडेशन एवं आईआईटी रुड़की के सहयोग से पूरे परिसर में 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत निदेशक प्रोफेसर के. के. पंत ने अपने आधिकारिक आवास परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों, शोधार्थियों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन के माध्यम से साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर ईंधन की बचत, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।गंगे फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी का विषय है। वृक्षारोपण और साइक्लिंग जैसे छोटे-छोटे प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!