सिख समुदाय के खिलाफ कथित टिप्पणी पर आशीष नेगी के खिलाफ एफआईआर की मांग पांवटा साहिब।

नील धारा ब्यूरो

देहरादून पांवटा साहिब नील धारा उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के खिलाफ पांवटा साहिब थाना में शिकायत पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। स्थानीय समाजसेवी परमजीत सिंह बंगा ने थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि आशीष नेगी ने सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर सिख समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिए हैं, जिससे सिख समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।शिकायत में कहा गया है कि आशीष नेगी ने कथित तौर पर “हम स्वर्ण मंदिर पर दोबारा भी हमला कर सकते हैं” जैसी टिप्पणी की, जिसे शिकायतकर्ता ने सिख धर्म के सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) का अपमान बताते हुए गंभीर मामला बताया है।शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसे बयान समाज में सांप्रदायिक तनाव, भय और वैमनस्य की स्थिति पैदा कर सकते हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सिख समुदाय को बिना किसी आधार के “खालिस्तानी” कहकर संबोधित किया जा रहा है, जिससे समुदाय की छवि धूमिल करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हो रहा है।परमजीत सिंह बंगा ने कहा कि सिख समुदाय का देश की एकता, अखंडता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा पूरे समुदाय को इस प्रकार संबोधित करना अनुचित है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आशीष नेगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और इससे कानून-व्यवस्था अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और सरकार की होगी।फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने या किसी अन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक आशीष नेगी की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!