सतलुज’ विवाद: सरकार ने बताई Zee5 से फिल्म हटाने की वजह, संवेदनशील कंटेंट पर उठाए सवाल

नील धारा ब्यूरो

नई दिल्ली (नील धारा) अभिनेता Diljit Dosanjh की फिल्म ‘सतलुज’ को Zee5 से हटाए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म हटने से मेकर्स और फैंस हैरान हैं, वहीं केंद्र सरकार ने इस कार्रवाई के पीछे की वजह स्पष्ट की है।सरकारी सूत्रों के अनुसार, समीक्षा के दौरान पाया गया कि फिल्म के कुछ हिस्सों और दृश्यों का दुरुपयोग भारत-विरोधी तत्वों द्वारा किया जा सकता है। चूंकि फिल्म पंजाब के 1980-90 के दशक के उग्रवाद और मानवाधिकार कार्यकर्ता Jaswant Singh Khalra के जीवन पर आधारित है,

इसलिए सरकार का मानना है कि इसके कुछ बिना संपादित (Uncut) दृश्य सार्वजनिक व्यवस्था, शांति और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं।सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित सामग्री के लिए Central Board of Film Certification (CBFC) का प्रमाणन अनिवार्य नहीं है, लेकिन सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म को आईटी नियमावली 2021 (Information Technology Rules, 2021) के ‘कोड ऑफ एथिक्स’ का पालन करना होता है। इन नियमों के तहत ऐसा कोई भी कंटेंट प्रसारित नहीं किया जा सकता, जिससे देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।सरकारी सूत्रों का दावा है कि फिल्म को वर्ष 2022 में ‘Punjab 95’ नाम से थिएटर रिलीज के लिए CBFC के पास भेजा गया था।

उस समय बोर्ड ने फिल्म में 127 कट लगाने और शीर्षक बदलने का निर्देश दिया था, लेकिन निर्माता इन संशोधनों से सहमत नहीं हुए, जिसके चलते फिल्म की थिएटर रिलीज टल गई।सरकार के एक अधिकारी के अनुसार, बाद में फिल्म का नाम बदलकर ‘सतलुज’ रखा गया और इसे कथित तौर पर बिना सुझाए गए कट्स के सीधे Zee5 पर रिलीज कर दिया गया। मामला सरकार के संज्ञान में आने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए फिल्म को प्लेटफॉर्म से हटाने के निर्देश जारी किए गए।हालांकि, इस पूरे विवाद पर फिल्म के निर्माताओं और Zee5 की ओर से अब तक विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में मामले के सभी पहलुओं पर अंतिम स्थिति संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!