नील धारा ब्यूरो
हरिद्वार लक्सर (नील धारा) उत्तराखंड सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और अवैध खनन पर रोक के दावों को ठेंगा दिखाते हुए हरिद्वार जिले की लक्सर तहसील से दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पट्टा धारक को सरेआम पिस्टल दिखाकर न सिर्फ डराया-धमकाया गया, बल्कि उसके मत्स्य पालन तालाब से जबरन अवैध खनन किया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस और जिला खनन अधिकारी मामले में मूकदर्शक बने हुए हैं।पूरा मामला लक्सर तहसील के ग्राम बरमपुर खानपुर का है। यहाँ पर सुमेर चंद पुत्र भिक्कन लाल का मत्स्य पालन हेतु तालाब निर्माण का कार्य चल रहा है।।

पीड़ित सुमेर चंद ने बताया कि रविवार को उनके परिवार में एक विवाह समारोह था, जिसके कारण तालाब पर काम बंद था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर एक रसूखदार दबंग लक्ष्मण सिंह रावत नाम के व्यक्ति ने चोरी-छिपे भारी-भरकम पोकलैंड मशीन के साथ ट्रैक्टर ट्रॉलीयों व डंपरों को तालाब पर उतार दिया और धड़ल्ले से अवैध खनन शुरू कर दिया।ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर जब सुमेर चंद अपने पुत्र के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और चल रहे इस अवैध खनन को रुकवाने का प्रयास किया, तो दबंगई की सारी हदें पार हो गईं। आरोप है कि लक्ष्मण सिंह रावत ने पिता-पुत्र पर पिस्टल तान कर दोनों को डराया-धमकाया और काम रोकने पर जान से मारने की धमकी दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा और सहमा हुआ है।पीड़ित सुमेर चंद का गंभीर आरोप है कि उन्होंने वारदात के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वहीं, जब इस गुंडागर्दी और अवैध खनन की शिकायत जिला खान अधिकारी से की गई, तो उन्होंने रविवार की छुट्टी का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ लिया और बात को अगले दिन पर टाल दिया।अधिकारियों के इस टालमटोल वाले रवैये से अब शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर क्यों पुलिस और खनन विभाग इस दबंग के आगे बेबस नजर आ रहे हैं? मत्स्य पालन के नाम पर अवैध खनन का यह खेल और सरेआम हथियार चमकाकर दी जा रही धमकियां लक्सर क्षेत्र में कानून व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। अब देखना यह होगा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है या दबंगई के बल पर शासन-प्रशासन की नाक के नीचे अवैध खनन का यह काला कारोबार यूं ही चलता रहेगा।







